खनन रक्षकों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षण 27 मई को चंबा में आयोजित होगा

चंबा, 23 मई मुकेश कुमार ( गोल्डी)
उद्योग विभाग के भूवैज्ञानिक विंग के अंतर्गत खनन रक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया के तहत शारीरिक मानक और शारीरिक दक्षता परीक्षण का आयोजन 27 मई 2025 को किया जाएगा। यह जानकारी खनन अधिकारी चंबा ने दी है।परीक्षण का आयोजन प्रातः 9 बजे जिला चंबा के पुलिस ग्राउंड बारगा में किया जाएगा। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी चंबा की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा उम्मीदवारों का परीक्षण किया जाएगा।खनन अधिकारी ने बताया कि चयन प्रक्रिया में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को कार्यक्रम स्थल पर निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पूर्व, अर्थात सुबह 8:30 बजे तक पहुंचना अनिवार्य है। किसी भी परिस्थिति में देर से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षण में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उम्मीदवारों को इस दौरान उचित खेल अथवा शारीरिक पोशाक में आना होगा। परीक्षण में भाग लेना अनिवार्य है और अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।इसके अतिरिक्त, परीक्षा के दौरान मैदान में मोबाइल फोन, स्मार्ट घड़ियां, ईयरफोन या अन्य किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की सख्त मनाही है। सुरक्षा और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए इन नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।खनन अधिकारी ने सभी योग्य अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि वे दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय पर कार्यक्रम में उपस्थित रहें, ताकि चयन प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न की जा सके।