जोलना-भटेड़-कोटला संपर्क मार्ग का विधानसभा अध्यक्ष ने किया लोकार्पण, क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति

भटीयात (चुवाड़ी), 25 मई बबलू पठानिया
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज भटियात विधानसभा क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत जोलना में 2 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से निर्मित जोलना-भटेड़-कोटला संपर्क मार्ग का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए कटिबद्ध है, जिसमें सड़क नेटवर्क को मजबूत करना प्रमुख प्राथमिकता है।

पठानिया ने बताया कि मोरठु और जोलना जैसी दूरस्थ ग्राम पंचायतों को जोड़ने के लिए तीन नए संपर्क मार्गों पर लगभग 17 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इनमें चलादन संपर्क मार्ग पर 10 करोड़, मोरठु-जोलना मार्ग पर 6 करोड़ और मोरठु-भुवल मार्ग पर 1 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जोलना-भटेड़-कोटला मार्ग के चालू हो जाने से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि सहित कई क्षेत्रों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जुलाई 2027 तक भटियात क्षेत्र के सभी गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ दिया जाएगा।पठानिया ने यह जानकारी भी दी कि वर्तमान में क्षेत्र में 38 संपर्क सड़कों का निर्माण कार्य जारी है, जिनमें से अधिकांश का 90 से 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्होंने कई जन समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया।इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
