चंबा-किलाड़ (साच पास) मार्ग हल्के वाहनों के लिए बहाल, यात्रियों को सतर्क रहने की अपील

चंबा, 26 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा-किलाड़ (साच पास) रोड को 30 नवंबर 2024 से भारी बर्फबारी के कारण बंद कर दिया गया था, जिसे अब हल्के मोटर वाहनों के लिए खोल दिया गया है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मेहरा ने आदेश जारी करते हुए बताया कि मौसम की अनिश्चितताओं और ग्लेशियरों से उत्पन्न संभावित खतरों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय सावधानीपूर्वक लिया गया है।उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 155 के अंतर्गत उपमंडल अधिकारी (नागरिक), पांगी तथा लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता की सिफारिश पर लिया गया है। हालांकि, मार्ग पर यात्रा करते समय वाहन चालकों को पूरी सतर्कता बरतने की आवश्यकता होगी।

बैरागढ़ और प्रेग्रां चेक पोस्टों पर यातायात की निगरानी की जाएगी और प्रतिकूल मौसम में मार्ग को अस्थायी रूप से बंद किया जा सकता है। इन चेक पोस्टों पर वाहनों और यात्रियों का विवरण दर्ज किया जाएगा, जिसे हर माह जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (DEOC) के साथ साझा किया जाएगा।इसके अतिरिक्त, ओवरलोडिंग पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। नियमित अंतराल पर वाहनों का निरीक्षण किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व मौसम की स्थिति की जानकारी लें और सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।