डलहौज़ी उपमंडल के सुकड़ाईं बांई पंचायत में मादा भालू की मौजूदगी से दहशत का माहौल

डलहौज़ी उपमंडल के सुकड़ाईं बांई पंचायत में मादा भालू की मौजूदगी से दहशत का माहौल

डलहौज़ी/चम्बा 27 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपमंडल डलहौज़ी के अंतर्गत ग्राम पंचायत सुकड़ाईं बांई में उस समय दहशत का माहौल बन गया जब एक मादा भालू अपने दो बच्चों के साथ रिहायशी क्षेत्र में देखी गई। दिनदहाड़े भालू की मौजूदगी से स्थानीय लोग भयभीत हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, भालू भोजन की तलाश में गांव के नजदीक पहुंची थी और रिहायशी मकानों के पास चहल कदमी कर रही थी।जैसे ही ग्रामवासियों ने भालू को देखा, उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे मादा भालू अपने बच्चों सहित तुरंत पास के जंगल की ओर भाग गई।

यह घटना स्थानीय लोगों के लिए किसी बड़े खतरे से कम नहीं थी। गांव में अचानक जंगली जानवर का यूं आ जाना ग्रामीणों में चिंता और डर का विषय बन गया है।इस संबंध में जब रेंज ऑफिसर राहुल से बात की गई, तो उन्होंने जानकारी दी कि जंगली जानवरों का रिहायशी क्षेत्रों में दिखाई देना निश्चित रूप से खतरे का संकेत है। उन्होंने स्थानीय लोगों से सतर्क और सजग रहने की अपील की है। रेंज ऑफिसर ने बताया कि जंगली जानवर विशेषकर भालू, खाद्य वस्तुओं की गंध से आकर्षित होकर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ जाते हैं।

उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने घरों के आसपास खाने-पीने की चीज़ें खुले में न फेंकें, क्योंकि यह जंगली जानवरों को आकर्षित कर सकता है और इससे जानमाल का खतरा बढ़ सकता है। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से सावधानी बरतने, अकेले जंगल की ओर न जाने और वन विभाग को किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। ग्रामीणों ने भी वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है ताकि उनके जीवन व संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!