चम्बा में विचाराधीन कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार, तलाश में जुटी पुलिस

चम्बा में विचाराधीन कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार, तलाश में जुटी पुलिस

चम्बा 27 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला कारागार राजपुरा (चंबा) में विचाराधीन कैदी के फरार होने से हड़कंप मच गया है। 36 वर्षीय इब्राहिम, निवासी गडरी, डाकघर बरौर, जिला चंबा, जो नाबालिग को भगाने के मामले में विचाराधीन था, मंगलवार को पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया।जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे कैदी इब्राहिम को अन्य कैदियों के साथ जेल परिसर के बाहर साफ-सफाई कार्य के लिए लाया गया था। इसी दौरान उसने मौका पाकर तैनात पुलिस कर्मियों की आंखों में धूल झोंकी और फरार हो गया। जब कैदियों की गिनती की गई, तो एक कैदी की कमी का पता चलने पर जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।जेल उप अधीक्षक बी.आर. ठाकुर ने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस विभाग ने फरार कैदी की तलाश के लिए नाकेबंदी कर दी है और सभी थानों व चौकियों को सतर्क कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि इब्राहिम तीसा की ओर भाग सकता है, जिस दिशा में भी पुलिस की टीमें रवाना की गई हैं।फरार कैदी की धरपकड़ के लिए पुलिस हरसंभव प्रयास कर रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसे पकड़ा नहीं जा सका है। जेल प्रशासन की लापरवाही पर भी सवाल उठ रहे हैं कि कैसे एक विचाराधीन कैदी पुलिस की निगरानी में होते हुए फरार हो गया।पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही फरार कैदी को पकड़ने का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!