तेलका से डलहौजी तक सरकारी बस सेवा न होना – कांग्रेस और बीजेपी की विफलता का प्रतीक: आप नेता सोनू ठाकुर

डलहौजी, चंबा 29 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
आम आदमी पार्टी (आप) के चंबा जिला अध्यक्ष और डलहौजी विधानसभा क्षेत्र से युवा नेता सोनू ठाकुर ने गुरुवार को प्रेस वार्ता के दौरान कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए आजादी के 75 साल और विधानसभा गठन के दशकों बाद भी तेलका से डलहौजी के बीच एक भी सरकारी बस सेवा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने इसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस दोनों की ऐतिहासिक विफलता करार दिया।सोनू ठाकुर ने आरोप लगाया कि पिछले 35 से 40 वर्षों में कांग्रेस ने इस क्षेत्र में लगभग 30 साल और भाजपा ने करीब 7-8 साल शासन किया, लेकिन आम जनता की बुनियादी जरूरतों की अनदेखी की गई। उन्होंने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि डलहौजी विधानसभा क्षेत्र में शामिल उप-तहसील तेलका से खुद डलहौजी तक आज तक कोई सीधी सरकारी बस सेवा नहीं दी गई है। यह जनता के साथ अन्याय है।”उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ता है और कई बार बुजुर्गों, छात्रों व महिलाओं को यात्रा में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यह समस्या वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अब तक किसी भी राजनीतिक दल ने इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया।सोनू ठाकुर ने मांग की कि हिमाचल प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार और स्थानीय विधायक इस मुद्दे को प्राथमिकता दें और उप-तहसील तेलका से डलहौजी के लिए तत्काल नियमित सरकारी बस सेवा शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को लेकर संजीदा है और जनता की आवाज़ को विधानसभा और शासन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।”यह सिर्फ एक बस सेवा की बात नहीं है, बल्कि जनता के अधिकार और सुविधा की बात है,” ठाकुर ने दोहराया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनहित के ऐसे मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और क्षेत्र की आवाज़ बनकर उभरेगी।