सलूणी-हिमगिरी सड़क पर बड़ा हादसा टला, ब्रेक फेल होने पर चालक ने पैराफिट से टकराई बस

सलूणी/चंबा 30 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया जब सलूणी-हिमगिरी सड़क मार्ग पर कटोशी के पास एक निजी बस की ब्रेक फेल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बस में लगभग 15 से 20 यात्री सवार थे। अचानक ब्रेक फेल होने की स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को सड़क किनारे बने पैराफिट से टकरा दिया, जिससे बस अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से बच गई।घटना के समय बस सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी। हालांकि, इस साहसिक निर्णय के चलते कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि चालक ने समय पर निर्णय नहीं लिया होता, तो बस गहरी खाई में गिर सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।यह घटना एक बार फिर प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। परिवहन विभाग को चाहिए कि निजी बसों की नियमित तकनीकी जांच सुनिश्चित की जाए ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।स्थानीय लोगों ने चालक की सूझबूझ और साहस की सराहना की है, जिसने अपनी जान की परवाह किए बिना यात्रियों की जान बचाने के लिए त्वरित फैसला लिया।