विधानसभा लोक लेखा समिति का चंबा दौरा 9 से 12 जून तक, विभिन्न विभागों के कार्यों की करेगी समीक्षा

चंबा, 30 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश विधानसभा की लोक लेखा समिति आगामी 9 जून से 12 जून तक जिला चंबा के दौरे पर रहेगी। यह जानकारी देते हुए विभागीय प्रवक्ता ने बताया कि समिति के अध्यक्ष अनिल शर्मा के नेतृत्व में समिति का यह दौरा विभिन्न सरकारी विभागों के कार्यों की समीक्षा के उद्देश्य से किया जा रहा है।प्रवक्ता ने बताया कि लोक लेखा समिति 9 जून को जिला के जनजातीय उपमंडल पांगी पहुंचेगी, जहां उनका रात्रि ठहराव निर्धारित किया गया है। इसके बाद 10 जून को समिति पांगी स्थित आवासीय आयुक्त कार्यालय में विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करेगी।
इसबैठक के बाद समिति जिला मुख्यालय चंबा के लिए रवाना होगी, जहां पुनः रात्रि विश्राम होगा।11 जून को समिति सुबह 10 बजे चंबा में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागों के कार्यों और खर्चों की समीक्षा करेगी। बैठक के पश्चात समिति डलहौजी के लिए रवाना होगी, जहां उसी दिन रात्रि ठहराव होगा।लोक लेखा समिति का यह दौरा 12 जून को समाप्त होगा जब समिति दोपहर 3 बजे डलहौजी से धर्मशाला के लिए रवाना होगी। इस दौरान समिति संबंधित विभागों के कार्य निष्पादन, बजट प्रबंधन और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करेगी।समिति का यह दौरा प्रदेश में प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे न केवल सरकारी कार्यप्रणाली में सुधार की संभावनाएं बढ़ेंगी, बल्कि जनता के हित में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।