राजस्व विभाग द्वारा चंबा में विशेष शिविरों का आयोजन, 1164 इन्तकालात मामलों का हुआ निपटारा

चंबा, 31 मई मुकेश कुमार ( गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेशभर में प्रत्येक माह के अंतिम दो कार्य दिवसों में “राजस्व लोक अदालत” कार्यक्रम के तहत विशेष शिविरों का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में जिला चंबा में 30 व 31 मई को तहसीलों व उप-तहसीलों में विशेष राजस्व शिविर आयोजित किए गए।उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इन शिविरों में सहायक समाहर्ता प्रथम व द्वितीय श्रेणी अधिकारियों द्वारा जनता की राजस्व संबंधी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।

दो दिवसीय इस अभियान में कुल 737 इन्तकालात, 6 तकसीम भूमि, 8 निशानदेही तथा 9 राजस्व प्रविष्टियों के मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया।उन्होंने बताया कि मई माह के दौरान जिला चंबा में अब तक कुल 1164 इन्तकालात, 41 तकसीम भूमि, 84 निशानदेही व 51 राजस्व प्रविष्टियों के मामलों को निपटाया गया है। यह अभियान प्रदेश सरकार की जनसेवा को प्राथमिकता देने की नीति के तहत चलाया जा रहा है, जिससे आमजन को समयबद्ध व पारदर्शी सेवाएं मिल सकें।जिला प्रशासन द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि आम जनता को अपने क्षेत्र में ही राजस्व संबंधी सेवाएं उपलब्ध हो सकें।