नो टोबैको डे पर बट्ट आईटीआई में एएनटीएफ ने जागरूकता शिविर का किया आयोजन

डलहौजी /चंबा 31 मई मुकेश कुमार ( गोल्डी)
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) कांगड़ा द्वारा नो टोबैको डे के अवसर पर बट्ट आईटीआई, बोंखरी मोड़ में शनिवार को एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में एएनटीएफ के निरीक्षक शीश पाल और उप निरीक्षक सुनील पटियाल ने आईटीआई के प्रशिक्षुओं को तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि तंबाकू अत्यधिक नशे की लत पैदा करता है, जिससे हृदय, फेफड़े और अन्य अंग गंभीर रूप से प्रभावित होते हैं। धूम्रपान करने वालों में टाइप-2 मधुमेह की संभावना 30 से 40 प्रतिशत अधिक पाई जाती है। उन्होंने तंबाकू सेवन को न केवल व्यक्तिगत, बल्कि एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या बताया।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने शराब, चरस और चिट्टे जैसे मादक पदार्थों की लत और उसके सामाजिक प्रभावों पर भी प्रकाश डाला।अधिकारियों ने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में इसके विरुद्ध जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। इस अवसर पर ड्रग फ्री हिमाचल मोबाइल एप के बारे में भी जानकारी दी गई। इस एप के माध्यम से नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त या संग्रहण की गुप्त सूचना साझा की जा सकती है, जिसमें सूचनादाता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।शिविर में बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने एएनटीएफ का आभार जताया। कार्यक्रम में आईटीआई के उप प्रधानाचार्य मनीष बकारिया, स्टाफ सदस्य और बड़ी संख्या में प्रशिक्षु उपस्थित रहे।