प्रेरणा द इंस्पिरेशन संस्था द्वारा बाथरी में रक्तदान शिविर का करवाया जा रहा आयोजन

प्रेरणा द इंस्पिरेशन संस्था द्वारा बाथरी में रक्तदान शिविर का करवाया जा रहा आयोजन

डलहौजी /चंबा 01 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही संस्था प्रेरणा द इंस्पिरेशन द्वारा कल 2 जून सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए संस्था के अध्यक्ष दीपक भाटिया ने बताया कि संस्था समय-समय पर जिला चंबा के विभिन्न क्षेत्रों में रक्तदान शिविर आयोजित करती रही है और इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए यह शिविर बाथरी में आयोजित किया जा रहा है।

भाटिया ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य क्षेत्र में रक्त की आवश्यकता को पूरा करना है ताकि समय पर जरूरतमंदों को जीवनरक्षक सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान कार्य है, जिससे न केवल किसी की जान बचाई जा सकती है बल्कि यह स्वयं रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है।

संस्था अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों से विशेष अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पुनीत कार्य में भाग लें और शिविर को सफल बनाएं।

उन्होंने कहा कि यह शिविर किसी विशेष वर्ग के लिए नहीं बल्कि समाज के हर वर्ग के लिए खुला है और इसमें सभी स्वस्थ नागरिक भाग ले सकते हैं।

प्रेरणा द इंस्पिरेशन संस्था का यह प्रयास न केवल मानवता की सेवा की एक मिसाल है, बल्कि समाज में जनजागरण का भी एक प्रभावी माध्यम बन रहा है। रक्तदान जैसे महादान के प्रति लोगों को जागरूक करना संस्था का मुख्य उद्देश्य है।

इस अवसर पर स्थानीय चिकित्सा अधिकारी एवं स्वंयसेवकों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की गई है, ताकि शिविर का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!