चम्बा पुलिस की बड़ी कार्रवाई लाखों रुपए की अवैध अंग्रेजी शराब का जखीरा बरामद

चम्बा, 03 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
थाना सदर चम्बा की पुलिस टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर मोहल्ला ओबड़ी, डाकघर सुल्तानपुर स्थित एक मकान से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने यह कार्रवाई सोमवार को की, जिसमें आरोपी सुनील कुमार उर्फ शीलू पुत्र कुसम कुमार के घर से 47 पेटी अंग्रेजी शराब पकड़ी गई है। बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत 3 से 4 लाख रुपये बताई जा रही है।प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी के पास इस शराब को रखने या बेचने का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं था। इस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

सुनील कुमार पर हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(A) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई जिले में अवैध शराब कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस की सतर्कता और आम जनता की सूचना महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब किस उद्देश्य से रखी गई थी और क्या इसका संबंध किसी बड़े नेटवर्क से है।इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और लोग पुलिस की इस तत्परता की सराहना कर रहे हैं। चम्बा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध गतिविधियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
