विधानसभा क्षेत्र डलहौजी में बिजली-पानी जैसी मूलभूत समस्याओं का जल्द होगा समाधान :- विधायक डीएस ठाकुर

डलहौजी / चम्बा 4 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही बिजली और पानी की समस्याओं का समाधान शीघ्र ही किया जाएगा। यह दावा स्थानीय विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी के नेता डीएस ठाकुर ने किया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से इस क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकास योजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिन पर तेजी से काम जारी है।विधायक ठाकुर ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के लिए केंद्र सरकार ने लगभग 40 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस राशि का उपयोग क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को मजबूत करने के लिए किया जा रहा है। बनीखेत और तेलका में 33 केवी क्षमता के दो नए सबस्टेशन स्वीकृत किए गए हैं, जो विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को स्थायी रूप से सुदृढ़ बनाएंगे। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही इन पर कार्य आरंभ होगा।उन्होंने आगे बताया कि क्षेत्र में पुरानी एचटी (हाई टेंशन) और एलटी (लो टेंशन) लाइनों को दुरुस्त किया जाएगा तथा जर्जर ट्रांसफार्मरों को बदला जाएगा। इन प्रयासों का उद्देश्य डलहौजी क्षेत्र के नागरिकों को निर्बाध और स्थिर विद्युत आपूर्ति प्रदान करना है।जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर भी विधायक ठाकुर ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना के तहत लगभग 300 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्षेत्र में प्रगति पर हैं। इनमें से कुछ योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, विशेषकर सलूणी क्षेत्र में, जहां स्थानीय लोग पहले से ही इन योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं। शेष योजनाओं पर तेजी से कार्य जारी है।विपक्ष पर निशाना साधते हुए ठाकुर ने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर क्षेत्र के विकास को नजरअंदाज कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं और सरकार इन्हें उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।उन्होंने विश्वास जताया कि निकट भविष्य में डलहौजी क्षेत्र के लोग बिजली और पानी की समस्याओं से स्थायी रूप से मुक्त होंगे और यह क्षेत्र विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा।