चंबा में प्राकृतिक गेहूं की खरीद शुरू, पहले दिन 108 क्विंटल की खरीद

चंबा, 4 जून मुकेश कुमार ( गोल्डी)
चंबा जिले में प्राकृतिक तरीके से उगाई गई गेहूं की खरीद का कार्य आज से औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। यह पहल राज्य सरकार की जैविक खेती को प्रोत्साहन देने की विशेष योजना का हिस्सा है, जिसके तहत किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जा रहा है।कृषि विभाग द्वारा चुवाड़ी, बनीखेत और चंबा (बालू एफसीआई गोदाम के समीप) में तीन क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 10 जून तक गेहूं की बिक्री की जा सकेगी।
निदेशक आत्मा परियोजना (कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन एजेंसी) डॉ. ज्योति रंजन कालिया ने बताया कि यह योजना प्राकृतिक खेती से जुड़े पंजीकृत किसानों को लाभ देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।उप परियोजना निदेशक डॉ. महिमा घावरू ने बताया कि पहले दिन चंबा और सलूणी उपमंडल के 11 किसानों ने चंबा क्रय केंद्र में 60 रुपये प्रति किलो की दर से 46 क्विंटल 15 किलोग्राम गेहूं बेची।
वहीं, चुवाड़ी केंद्र में 12 किसानों ने 60 क्विंटल 64 किलोग्राम और बनीखेत में दो क्विंटल गेहूं की बिक्री हुई।उन्होंने बताया कि सरकार ने प्राकृतिक गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 40 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति किलो किया है। इसके अतिरिक्त, मक्की के लिए एमएसपी 30 से बढ़ाकर 40 रुपये और कच्ची हल्दी के लिए 90 रुपये प्रति किलो निर्धारित किया गया है।यह कदम प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने और किसानों की आमदनी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।