भाजपा मंडल भलेई द्वारा संकल्प से सिद्धि कार्यशाला आयोजित, विधायक डीएस ठाकुर ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां

भाजपा मंडल भलेई द्वारा संकल्प से सिद्धि कार्यशाला आयोजित, विधायक डीएस ठाकुर ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां

डलहोजी/चम्बा 16 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

मोदी सरकार के सेवा, सुशासन और जनकल्याण पर आधारित 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा मंडल भलेई द्वारा संकल्प से सिद्धि अभियान के तहत एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने न केवल आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है, बल्कि भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि भी सशक्त हुई है।

उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जनधन योजना, पीएम आवास योजना, किसान सम्मान निधि और डिजिटल इंडिया अभियान का विस्तारपूर्वक उल्लेख करते हुए बताया कि इन योजनाओं ने देश के आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं।

विधायक ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने भारत को उसके गौरवशाली अतीत से जोड़ते हुए आत्मनिर्भरता और विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें।

इस कार्यशाला के माध्यम से कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आगामी कार्यनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम का समापन देश की उन्नति और समृद्धि की कामना के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!