नगर पंचायत चुवाड़ी और बनीखेत के वार्डों का अंतिम परिसीमन आदेश जारी,उपायुक्त एवं ज़िला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने दिए आदेश

नगर पंचायत चुवाड़ी और बनीखेत के वार्डों का अंतिम परिसीमन आदेश जारी
उपायुक्त एवं ज़िला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने दिए आदेश

चंबा, 17 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

नगर पंचायत चुवाड़ी और नगर पंचायत बनीखेत के अंतर्गत आने वाले वार्डों की सीमाओं को लेकर अंतिम परिसीमन आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह जानकारी उपायुक्त एवं ज़िला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल द्वारा दी गई है।

उन्होंने बताया कि यह आदेश हिमाचल प्रदेश नगर पालिका चुनाव नियम, 2015 के अंतर्गत जारी किए गए हैं। राज्य चुनाव आयोग की अधिसूचना के अनुपालन में नगर पंचायत चुवाड़ी एवं बनीखेत के वार्डों को विभाजित करने और प्रत्येक वार्ड की सीमा निर्धारण का प्रस्ताव 2 जून 2025 को जारी किया गया था।

प्रस्ताव के प्रकाशन के बाद 9 जून 2025 तक आम जनता से सुझाव, आपत्तियां या आक्षेप आमंत्रित किए गए थे, लेकिन निर्धारित समयावधि तक कोई भी आपत्ति या सुझाव प्राप्त नहीं हुए। अतः नियमानुसार अब अंतिम परिसीमन आदेश जारी कर दिए गए हैं।

नगर पंचायत बनीखेत के तहत सात वार्ड शामिल किए गए हैं:

  1. बैकुण्ठ नगर
  2. पुखरी
  3. बनीखेत बस स्टैंड
  4. बनीखेत जरेई-1
  5. बनीखेत जरेई-2
  6. बनीखेत गांव
  7. पधर

इसी प्रकार, नगर पंचायत चुवाड़ी के तहत भी सात वार्डों का निर्धारण किया गया है:

  1. कुठेहड़ (विकासनगर)
  2. भलाडा वार्ड
  3. त्रिमथ वार्ड
  4. सुदली वार्ड
  5. मेडिकल कॉलोनी
  6. कस्बा चुवाड़ी
  7. कस्बा चुवाड़ी-2

इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए संबंधित उपमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) या नगर पंचायत सचिव के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!