पांगी घाटी में भी उड़ेंगे मानव परिंदे , सूराल बलीन मैदान में सफल पैराग्लाइडिंग ट्रायल,

चम्बा 24 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिला के दुर्गम क्षेत्र पांगी के सूराल बलीन मैदान में पहली बार पैराग्लाइडिंग का सफल ट्रायल किया गया। यह ऐतिहासिक कदम अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान, मनाली की ओर से संयुक्त निदेशक रोहित शर्मा के नेतृत्व में उठाया गया। टीम ने इलाके का व्यापक भूगोलिक और पर्यावरणीय मूल्यांकन करने के बाद परीक्षण उड़ानें संचालित कीं, जिन्हें पूरी तरह सफल माना गया।

संयुक्त निदेशक रोहित शर्मा ने जानकारी दी कि सूराल क्षेत्र की भौगोलिक संरचना, अनुकूल जलवायु और लुभावना प्राकृतिक परिदृश्य पैराग्लाइडिंग जैसे साहसिक खेलों के लिए आदर्श हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में यहां नियमित पैराग्लाइडिंग गतिविधियों की शुरुआत की जाएगी।इस अवसर पर पांगी के आवासीय आयुक्त रमन घरसंगी ने संस्थान की टीम का आभार जताया और सफल ट्रायल के लिए बधाई दी।

उन्होंने कहा कि पांगी जैसे सुदूरवर्ती क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों के आरंभ से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इसके साथ ही क्षेत्र में स्कीइंग जैसे अन्य साहसिक खेलों की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी।कार्यक्रम में तहसीलदार पांगी शांता कुमार, वरिष्ठ प्रशिक्षक गिमनर, पांगी टूरिज्म के संस्थापक डॉ. हरेश शर्मा सहित कई स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे। सफल ट्रायल के बाद क्षेत्र में पर्यटन को नई दिशा मिलने की उम्मीदें जागी हैं।
