कार दुर्घटना में पंचायत सचिव की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

कार दुर्घटना में पंचायत सचिव की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

डलहौजी/ चम्बा 25 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

पुलिस थाना डलहौजी के अंतर्गत आने वाले गांव टप्पर में बीती रात एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मनोज अत्री के रूप में हुई है, जो टप्पर पंचायत में बतौर सचिव अपनी सेवाएं दे रहे थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोज अत्री बीते दिन बनीखेत में आयोजित आषाढ़ नाग देवता मेले की सांस्कृतिक संध्या में भाग लेने के उपरांत देर रात अपने घर लौट रहे थे। वापसी के दौरान टप्पर गांव से कुछ दूरी पहले उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में मनोज अत्री की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना का मुख्य कारण घना कोहरा (धुंध) बताया जा रहा है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई थी।मनोज अत्री न केवल एक ईमानदार सरकारी कर्मचारी थे, बल्कि एक उभरते हुए कलाकार भी थे।

उन्होंने हाल ही में कुछ गानों को लॉन्च किया था, जो लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुए और उन्होंने एक अलग पहचान बनाई थी। उनकी बहुआयामी प्रतिभा और मिलनसार स्वभाव के चलते क्षेत्र में उनका विशेष स्थान था।उनकी अचानक हुई मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग, सहकर्मी, प्रशासनिक अधिकारी और कला क्षेत्र से जुड़े लोग इस असामयिक निधन से स्तब्ध हैं। प्रशासन की ओर से शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक समर्पित और प्रतिभाशाली कर्मचारी बताया गया है।पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। मृतक के पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!