मणिमहेश यात्रा को लेकर भरमौर विधायक डॉ. जनक राज की टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के साथ बैठक, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने का संकल्प

भरमौर/चम्बा 27 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज ने बीते कल अपने कार्यालय में मणिमहेश टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। यह बैठक आगामी मणिमहेश यात्रा 2025 को लेकर आयोजित की गई, जिसमें यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को दी जाने वाली परिवहन सुविधाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया।बैठक के दौरान डॉ. जनक राज ने कहा कि मणिमहेश यात्रा क्षेत्र की आस्था से जुड़ी सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक यात्राओं में से एक है, और इसमें देशभर से हजारों श्रद्धालु प्रतिवर्ष भाग लेते हैं। ऐसे में उनका स्वागत, सुरक्षा और सुविधा हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने टैक्सी ऑपरेटर यूनियन से आग्रह किया कि सभी चालक संयम, अनुशासन और सेवा भावना के साथ कार्य करें ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
टैक्सी यूनियन के सदस्यों ने भी विधायक को आश्वस्त किया कि वे प्रशासन और यात्रा प्रबंधन से समन्वय बनाकर हर संभव सहयोग देंगे। साथ ही उन्होंने कुछ मांगें भी रखीं, जैसे कि निर्धारित किराया सूची, विशेष परमिट व्यवस्था और विश्राम स्थलों की सुविधा। विधायक ने सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भरोसा दिलाया।डॉ. जनक राज ने कहा कि प्रशासन, परिवहन विभाग और स्थानीय यूनियनों के सहयोग से इस बार मणिमहेश यात्रा को और अधिक व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाया जाएगा।