राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कीड़ी में मनाया गया नशा विरोधी अंतर्राष्ट्रीय दिवस

चंबा, 27 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जिला चंबा द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिपिन ठाकुर के सौजन्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कीड़ी में “नशीले पदार्थों के सेवन एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध अंतर्राष्ट्रीय दिवस” का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. बिपिन ठाकुर ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना और समाज में इसकी अवैध तस्करी के खिलाफ जागरूकता फैलाना है।

उन्होंने कहा कि नशा हमारी युवा पीढ़ी को मानसिक, शारीरिक, सामाजिक व आर्थिक रूप से खोखला कर रहा है। शराब, तंबाकू, चरस, गांजा, कोकीन, हीरोइन आदि के सेवन से गंभीर बीमारियों जैसे हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियां, मानसिक विकार एवं कैंसर का खतरा बढ़ता है। इसके साथ ही नशे के कारण समाज में अपराध, हिंसा और आत्महत्याओं की घटनाएं भी बढ़ रही हैं।
इस अवसर पर छात्रों के बीच भाषण एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पोस्टर मेकिंग में दसवीं की सुमिता ने प्रथम, शिवा ने द्वितीय व शिवानी तथा अक्षिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में प्लस टू की ममता ने पहला, वीरेंद्र ने दूसरा और नितिका ने तीसरा स्थान हासिल किया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वैभवी गुरंग ने नशे के सामाजिक व स्वास्थ्यगत दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए। इस अवसर पर स्वास्थ्य शिक्षिका निर्मला ठाकुर, बीसीसी कोऑर्डिनेटर दीपक जोशी व स्कूल प्रिंसिपल तिलक राज सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।