चंबा जिला ने आकांक्षी जिला कार्यक्रम में देशभर में प्राप्त किया पहला स्थान
स्वास्थ्य एवं पोषण क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन, नीति आयोग से मिली 22 करोड़ की प्रोत्साहन राशि

चंबा, 27 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश का चंबा जिला एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर गौरव का विषय बना है। नीति आयोग द्वारा जारी फरवरी 2025 की आकांक्षी जिलों की डेल्टा रैंकिंग में चंबा ने स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में देशभर में पहला स्थान प्राप्त कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है।इस संबंध में जानकारी देते हुए उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, जल संसाधन, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास एवं बुनियादी ढांचे से संबंधित सूचकांकों के आधार पर जिलों की रैंकिंग की जाती है। चंबा ने विशेष रूप से स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में प्रभावशाली सुधार करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया है।

उत्कृष्ट प्रदर्शन के फलस्वरूप चंबा जिले को मार्च 2019 से अब तक नीति आयोग से कुल 22 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्राप्त हो चुकी है। यह राशि संबंधित सूचकांकों के तहत आधारभूत संरचना निर्माण एवं विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में उपयोग की गई है।मुकेश रेपसवाल ने यह भी जानकारी दी कि हालिया उपलब्धि के आधार पर चंबा को 3 करोड़ रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी प्राप्त होगी। उन्होंने इस सफलता का श्रेय सभी विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और जनसहभागिता को देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य मानकों में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी।यह सफलता न केवल चंबा के लिए गर्व का विषय है, बल्कि अन्य जिलों के लिए भी एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करती है।