कर्ज़ संकट को लेकर आम आदमी पार्टी का कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला,ढाई साल में विफल रही सुक्खू सरकार :-सोनू ठाकुर

डलहौजी/चंबा, 27 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश की मौजूदा कांग्रेस सरकार पर आम आदमी पार्टी ने तीखा हमला बोला है। ज़िला अध्यक्ष सोनू ठाकुर ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ढाई साल में ही प्रदेश को कर्ज़ में डुबो चुकी है और शेष बचे ढाई साल अब सिर्फ भगवान भरोसे हैं।सोनू ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही सरकारों ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति को बिगाड़ने में बराबर की भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि मौजूदा सरकार ₹1200 करोड़ का नया ऋण लेने की तैयारी कर रही है, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 में 4200 करोड़ रुपये का कर्ज़ लिया जाएगा। इससे प्रदेश पर कुल कर्ज़ का आंकड़ा 99,075 करोड़ रुपये से भी अधिक हो जाएगा, जो बेहद चिंता का विषय है।उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश सरकार हर महीने लगभग 500 करोड़ रुपये सिर्फ कर्ज़ पर ब्याज चुकाने में और 300 करोड़ रुपये मूलधन चुकाने में खर्च कर रही है। एक वित्तीय रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के पास हर 100 रुपये में केवल 24 रुपये ही विकास कार्यों के लिए बचते हैं।आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार, परिवारवाद और वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए कहा कि आत्मनिर्भर हिमाचल का सपना दिखाने वाली सरकार आज पूरी तरह कर्ज़ निर्भर हो गई है।सोनू ठाकुर ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि जब सरकार वित्तीय प्रबंधन नहीं कर पा रही है, तो इस्तीफा क्यों नहीं दिया जाता? उन्होंने चेतावनी दी कि इस आर्थिक अराजकता का बोझ आने वाली पीढ़ियों को उठाना पड़ेगा, जिसे जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।