चुराह जेई नवीन कुमार की संदिग्ध मौत में नया मोड़, होटल पार्टी के दौरान झगड़ा, खून के धब्बे और साजिश की आशंका

चुराह जेई नवीन कुमार की संदिग्ध मौत में नया मोड़, होटल पार्टी के दौरान झगड़ा, खून के धब्बे और साजिश की आशंका

तीसा/ चुराह 28 जून दिलीप सिंह ठाकुर

चंबा जिला के तीसा उपमंडल में जल शक्ति विभाग के जूनियर इंजीनियर नवीन कुमार की रहस्यमयी मौत मामले में एक बड़ा खुलासा सामने आया है। गंड (चुराह) निवासी नवीन कुमार का शव हाल ही में एक नाले से बरामद हुआ था, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। अब पुलिस जांच में पता चला है कि मौत से पहले नवीन एक होटल में पार्टी कर रहा था, जहां झगड़ा और मारपीट की घटना हुई थी।पुलिस के अनुसार, पार्टी में जल शक्ति विभाग से संबंधित दो अधिकारी विकास और अंकित, एक ठेकेदार राहुल चौहान और होटल का मालिक विकास मौजूद थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर बहस हुई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान नवीन की नाक से खून बहने लगा, जिसे होटल स्टाफ ने साफ किया। इसके बाद नवीन काफी देर तक सीढ़ियों पर बैठा रहा और फिर कमरे में लौट गया।

घटनास्थल पर नूरपुर से आई फॉरेंसिक टीम ने होटल और आसपास की जगहों का निरीक्षण किया। कमरे और होटल के बाहर खून के धब्बे मिले हैं, जिन्हें साफ करने का प्रयास किया गया था। इन सभी सबूतों को लैब में जांच के लिए भेज दिया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, ये खून के धब्बे मारपीट की पुष्टि करते हैं।चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी रात किसी भी आरोपी ने नवीन के लापता होने की जानकारी नहीं दी। उसकी बाइक होटल के बाहर खड़ी मिली थी और सुबह स्थानीय लोगों ने उसका शव नाले में देखा।

वहीं, जिन लोगों के साथ नवीन रात को था, वे सभी सुबह तक होटल में ही मौजूद पाए गए।इस पूरे घटनाक्रम में साजिश की गहराती आशंका को नकारा नहीं जा सकता। खून के निशान साफ करना, पूरी रात चुप्पी साधना और आरोपियों का होटल में छिपे रहना, कई सवाल खड़े कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव के नेतृत्व में जांच तेज कर दी गई है।

होटल का सीसीटीवी और अन्य रिकॉर्ड जब्त कर जांच के लिए भेजे गए हैं। यदि इनमें छेड़छाड़ पाई गई, तो होटल संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।अब पुलिस लैब रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मामले में बड़ी कार्रवाई संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!