डलहौज़ी थाना क्षेत्र के बाथरी गांव में युवती ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

डलहौज़ी थाना क्षेत्र के बाथरी गांव में युवती ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

डलहौज़ी/चम्बा 28 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

पुलिस थाना डलहौज़ी के अंतर्गत आने वाले गांव बाथरी से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक युवती ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। यह युवती अपनी बड़ी बहन के साथ एक किराए के मकान में रह रही थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना का पता उस समय चला जब उसकी बड़ी बहन पानी पीने के लिए कमरे में आई। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जब दरवाजा खोला गया तो युवती को फंदे से लटका पाया गया। यह दृश्य देखकर उसकी बहन ने शोर मचाया और आसपास के लोगों को बुलाया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।

सूचना मिलते ही डलहौज़ी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा युवती के कमरे से कुछ निजी दस्तावेज और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

मृत युवती की पहचान 18 वर्षीय अवंतिका पुत्री नरेंद्र सिंह राणा गांव टिकरी तहसील भटियात जिला चंबा के रूप में हुई है।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती ने ऐसा कठोर कदम क्यों उठाया। प्रारंभिक जांच में किसी सुसाइड नोट के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों को समझा जा सके।

इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इस सारे मामले की पुष्टि डीएसपी डलहौजी हेमंत ठाकुर द्वारा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!