तपोवन धर्मशाला में राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ सम्मेलन की भव्य तैयारी, देशभर से पहुंचे प्रतिनिधि

तपोवन धर्मशाला में राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ सम्मेलन की भव्य तैयारी, देशभर से पहुंचे प्रतिनिधि

कांगड़ा/धर्मशाला, 29 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)

तपोवन स्थित विधानसभा परिसर को राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र – II के वार्षिक सम्मेलन के अवसर पर दुल्हन की तरह सजाया गया है। यह सम्मेलन 30 जून और 1 जुलाई को आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से लगभग 178 प्रतिनिधि भाग लेंगे।सम्मेलन में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटका के विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, मुख्य सचेतक, उप-मुख्य सचेतक और अन्य माननीय सदस्य भाग ले रहे हैं। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश धर्मशाला पहुंच चुके हैं, जबकि लोकसभा अध्यक्ष एवं सीपीए भारत क्षेत्र के चेयरमैन ओम बिरला 30 जून को सुबह 8 बजे गगल एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

वे सुबह 10 बजे सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सम्मेलन को संबोधित करेंगे।यह पहला अवसर है जब हिमाचल प्रदेश का तपोवन परिसर सीपीए भारत क्षेत्र – II के सम्मेलन की मेज़बानी कर रहा है। इस क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां इस क्षेत्र के संयोजक हैं।सम्मेलन का मुख्य विषय “डिजिटल युग में सुशासन: संसाधनों का प्रबंधन, लोकतंत्र की रक्षा और नवाचार” है। 30 जून को उद्घाटन सत्र के बाद “राज्य के संसाधनों के प्रबंधन में विधायिका की भूमिका” पर चर्चा की जाएगी।

1 जुलाई को दो सत्रों में क्रमशः “दलबदल कानून – अनुच्छेद 102(2) एवं 191(2)” तथा “विधानसभाओं में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का उपयोग” विषयों पर मंथन किया जाएगा। समापन समारोह की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल करेंगे।इस आयोजन में लोकसभा और राज्यसभा के महासचिवों सहित सभी राज्यों की विधानसभाओं के सचिव भी भाग लेंगे। सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और धर्मशाला ऐतिहासिक पल का गवाह बनने को तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!