राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर चंबा में कार्यक्रम आयोजित, डॉक्टरों को किया गया सम्मानित

चंबा, 1 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला चंबा द्वारा राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के उपलक्ष्य पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन ठाकुर ने की। कार्यक्रम की शुरुआत केक काट कर की गई, जिसके माध्यम से सभी चिकित्सकों को चिकित्सा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर डॉ. ठाकुर ने चिकित्सकों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे न केवल समाज के स्वास्थ्य रक्षक हैं, बल्कि वे मानव सेवा का एक जीता-जागता उदाहरण भी हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर सीमाओं पर न लड़ते हुए भी देश के असली सैनिक हैं, जो अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों की जान बचाते हैं और उनका जीवन बेहतर बनाते हैं।

डॉ. ठाकुर ने बताया कि भारत में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस हर वर्ष 1 जुलाई को मनाया जाता है। यह दिन डॉ. बिधान चंद्र रॉय की स्मृति में समर्पित है, जो एक महान चिकित्सक, स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद् और पश्चिम बंगाल के दूसरे मुख्यमंत्री रहे। उनका जन्म 1 जुलाई 1882 को हुआ था और 1 जुलाई 1962 को उनका निधन हुआ। उनकी जयंती और पुण्यतिथि एक ही दिन होने के कारण, यह दिन डॉक्टर डे के रूप में मनाया जाता है। यह न केवल उनके योगदान को श्रद्धांजलि देने का अवसर है, बल्कि यह चिकित्सा के क्षेत्र में कार्य कर रहे सभी डॉक्टरों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का दिन भी है।
कार्यक्रम में चंबा मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. दिलबाग, डॉ. करण हितेषी सहित जिले के अन्य वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे। सभी ने डॉक्टर दिवस की महत्ता पर अपने विचार रखे और चिकित्सा सेवा में समर्पण भाव से कार्य करते रहने की प्रतिज्ञा दोहराई।

कार्यक्रम में सभी चिकित्सकों को सम्मानित किया गया और उनके द्वारा निभाई जा रही समाज सेवा के लिए आभार प्रकट किया गया।