डलहौज़ी पुलिस को ड्रग्स विरोधी मुहिम में बड़ी सफलता, तीन युवक चिट्टे सहित गिरफ्तार

डलहौज़ी/चम्बा 1 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौज़ी पुलिस को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। बीती रात सुभाष चौक पर की गई नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक कार सवार तीन युवकों से 12.24 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। यह कार्रवाई थाना डलहौज़ी प्रभारी (एसएचओ) जगबीर सिंह के नेतृत्व में की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात के समय नियमित जांच अभियान के तहत सुभाष चौक पर चेकिंग नाका लगाया गया था जहां शक के आधार पर आने जाने वाले वाहनों का निरीक्षण किया जा रहा था। इसी दौरान पंजाब से आ रही एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका गया। कार में सवार तीनों युवक पुलिस के सवालों के जवाब देते समय घबराहट में नजर आए, जिससे पुलिस को शक हुआ।

इस पर जब गहन तलाशी ली गई, तो कार से कुल 12.24 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को हिरासत में लिया और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस थाना डलहौजी में मामला दर्ज कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जसपाल सिंह पुत्र गुरप्रीत सिंह, कमलजीत सिंह पुत्र अनायत सिंह और समीर पुत्र अनायत सिंह के रूप में हुई है। तीनों आरोपी पंजाब के फिरोजपुर जिले के मलांवाला गांव के रहने वाले हैं।पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह नशा कहां से लाया गया और इसका गंतव्य कहां था।

इसके अलावा पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी गिरोह से जुड़े हुए हैं।एसएचओ जगबीर सिंह ने कहा कि डलहौज़ी पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है और युवाओं को इस बुराई से बचाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा। स्थानीय लोगों से भी नशे के खिलाफ सहयोग करने की अपील की गई है। तो वही तीनों आरोपियों को आज माननीय अदालत में भी पेश किया गया।