चुवाड़ी पुलिस ने पशु चोरी के मामले में एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार, 20 भेड़ों सहित पिकअप जीप बरामद

चुवाड़ी पुलिस ने पशु चोरी के मामले में एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार, 20 भेड़ों सहित पिकअप जीप बरामद

भटियात/चुवाडी़ 03 जुलाई बबलू पठानिया

चम्बा जिला के चुवाड़ी क्षेत्र में पशु चोरी का एक मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर 20 भेड़ों को बरामद कर लिया है। यह घटना पुलिस थाना चुवाड़ी के तहत सामने आई है।जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता गफूर हुसैन ने पुलिस थाना चुवाड़ी में शिकायत दर्ज करवाई कि गत रात जोत क्षेत्र में उसके घर के बाड़े से 20 भेड़ें चोरी हो गई हैं। शिकायत में बताया गया कि गफूर किसी काम से बाहर गया हुआ था। सुबह उसकी पत्नी ने जब बाड़े का दरवाजा खुला देखा और भेड़ों को गायब पाया, तो उसने तुरंत गफूर को फोन पर इसकी सूचना दी।गफूर हुसैन ने घटना की जानकारी पुलिस थाना चुवाड़ी और अपने भतीजे कर्म दीन को दी।

कर्म दीन ने पुलिस को बताया कि एक संदिग्ध पिकअप जीप चुवाड़ी से लाहडू की ओर जाती देखी गई है, जिस पर उन्हें शक है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए काली घार के पास उक्त पिकअप जीप (HP 38 C 7207) को रोका। जब जीप की तलाशी ली गई, तो उसमें 20 भेड़ें पाई गईं।शिनाख्त के लिए गफूर हुसैन को चुवाड़ी बुलाया गया, जहां उसने अपनी भेड़ों को पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जीप चालक गुलज़ार मोहम्मद पुत्र हसन दीन, निवासी जवाली, जिला कांगड़ा को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 व 331(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना की पुष्टि डीएसपी चुवाड़ी योगराज चंदेल ने की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और पशु चोरी जैसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!