50 हजार की आबादी और एक डॉक्टर, सलूणी के स्वास्थ्य ढांचे पर आम आदमी पार्टी का सरकारों पर तीखा हमला

50 हजार की आबादी और एक डॉक्टर, सलूणी के स्वास्थ्य ढांचे पर आम आदमी पार्टी का सरकारों पर तीखा हमला

डलहौजी/ चम्बा 3 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

आम आदमी पार्टी (AAP) ने सलूणी तहसील की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों पर जोरदार हमला बोला है। पार्टी के जिला अध्यक्ष सोनू ठाकुर ने कहा कि 50 हजार की आबादी पर केवल एक डॉक्टर तैनात होना शर्मनाक विकास मॉडल का उदाहरण है।सोनू ठाकुर ने बताया कि सिविल अस्पताल सलूणी में प्रतिदिन 80 से 100 मरीजों का इलाज सिर्फ एकमात्र डॉक्टर कर रहा है, जबकि किहार अस्पताल में जो डॉक्टर कार्यरत है, वह भी “उधार का” है। न कोई विशेषज्ञ है, न फार्मासिस्ट, न लैब टेक्नीशियन और न ही पर्याप्त स्टाफ नर्सें। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार को नहीं दिखता कि आम लोगों को 64 किलोमीटर दूर चंबा जाकर इलाज करवाना पड़ रहा है?उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक सत्ता में होने का जश्न मना रहे हैं जबकि कांग्रेस नेता केवल तमाशबीन बने हुए हैं। ठाकुर ने पूछा कि जब कांग्रेस की सरकार सत्ता में है तो उसके नेता सलूणी और किहार के स्वास्थ्य ढांचे को सुधारने के लिए आगे क्यों नहीं आ रहे? उन्होंने कांग्रेस की पूर्व प्रत्याशी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बनने के पोस्टर लगाने वाले नेता अब हार के बाद जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ रहे हैं।सोनू ठाकुर ने सलूणी अस्पताल के भवन निर्माण में हो रही देरी को भी मुद्दा बनाया और कहा कि पिछले तीन सालों से नया भवन अधर में लटका हुआ है।आम आदमी पार्टी ने सरकार से मांग की है कि सलूणी और किहार अस्पतालों में तुरंत डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों और फार्मासिस्टों की नियुक्ति की जाए। साथ ही लंबित भवन कार्य को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। हेल्थ सब-सेंटरों को सक्रिय किया जाए ताकि ग्रामीणों को 12–14 किलोमीटर दूर इलाज के लिए न जाना पड़े। उन्होंने यह भी मांग की कि स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से की जाए और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय हो।ठाकुर ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी सलूणी की जनता की आवाज को हर मंच पर उठाएगी और जब तक स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!