राजकीय माध्यमिक पाठशाला लग्गा में चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

चम्बा 3 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा की ओर से राजकीय माध्यमिक पाठशाला लग्गा, पंचायत कीड़ी में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षा, अधिकारों और विभिन्न प्रकार की शोषण की स्थितियों से अवगत कराना था।इस अवसर पर चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा से केस वर्कर काजू राम व चैन सिंह ने टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1098 की कार्यप्रणाली, महत्व और उपयोगिता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध है और पूरी तरह निःशुल्क है। इसके माध्यम से नशे की लत, बाल विवाह, बाल श्रम, घरेलू हिंसा, बाल तस्करी, यौन शोषण, मानसिक-शारीरिक अक्षमता और अनाथता से पीड़ित बच्चों की मदद की जाती है।कार्यक्रम में सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श, सोशल मीडिया के प्रयोग, ब्लैकमेलिंग और बाल विवाह की सामाजिक व स्वास्थ्य संबंधी बुराइयों पर विशेष चर्चा हुई।

यह भी बताया गया कि किसी भी तरह की संवेदनशील सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाती है, और सूचनाकर्ता स्वयं भी यह निर्देश कंट्रोल रूम को दे सकता है।अध्यापकों को बच्चों से संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, अभिभावक, ग्रामीण व विद्यालय स्टाफ ने भाग लिया। स्कूल की कार्यकारी मुख्याध्यापिका श्रीमती चंचल कुमारी व 33 बच्चे इस अवसर पर उपस्थित रहे।यह जागरूकता कार्यक्रम बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा के प्रति लोगों को संवेदनशील बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल रही।
