बनीखेत क्षेत्र में खुले में कूड़ा फेंकना बना चिंता का विषय, डीएसपी डलहौजी हेमंत ठाकुर ने जताई कड़ी आपत्ति

बनीखेत क्षेत्र में खुले में कूड़ा फेंकना बना चिंता का विषय, डीएसपी डलहौजी हेमंत ठाकुर ने जताई कड़ी आपत्ति

डलहौजी/चम्बा 4 जुलाई मुकेश कुमार ( गोल्डी)

बनीखेत और इसके आसपास के क्षेत्रों में खुले में कूड़ा करकट फेंके जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर खतरा मंडरा रहा है। इस विषय को लेकर डलहौजी के डीएसपी हेमंत ठाकुर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ तस्वीरों को सांझा किया, जिसमें देखा जा सकता है कि एक अज्ञात वाहन द्वारा खराब सब्जियां व अन्य गंदगी एनएच 154-ए पर दवालू के पास मुख्य सड़क किनारे बोरी में भरकर फेंकी गई।डीएसपी ठाकुर ने इस घटनाक्रम पर गहरी चिंता जताते हुए इसे समाज के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि “लोग अपने घरों और परिसरों को तो स्वच्छ रखते हैं, परंतु घरों, दुकानों, होटलों व ढाबों से निकलने वाला कचरा कहीं भी खुले में फेंक दिया जाता है।

यह न केवल कानूनन गलत है, बल्कि इससे बीमारियों का खतरा बढ़ता है और जंगली जानवरों को भी रिहायशी इलाकों की ओर आकर्षित करता है, जिससे लोगों में डर और असुरक्षा की भावना पैदा होती है।”उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्य समाज में नकारात्मक संदेश फैलाते हैं और पर्यटन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता के प्रति सजग रहें और दूसरों को भी इस दिशा में प्रेरित करें। खुले में कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति से न केवल क्षेत्र की सुंदरता को ठेस पहुंचती है, बल्कि यह कानूनन दंडनीय भी है।डीएसपी ने स्थानीय प्रशासन से भी आग्रह किया कि ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों में जागरूकता के साथ-साथ अनुशासन भी स्थापित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!