वन परिक्षेत्र चंबा मे संरक्षित वन्य जीव हिमालयन घोरल का शिकार, 12 बोर बंदूक के साथ दो शिकारी गिरफ्तार

चंबा 4 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिला में वन्य जीव संरक्षण कानून की खुली अवहेलना का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने अप्पर रेंज धरेड़ी के अंतर्गत गुराड़ गांव में हिमालयन घोरल का शिकार करते हुए दो लोगों को रंगे हाथों दबोचा है। आरोपियों के कब्जे से 12 बोर की एक बंदूक और मृत हिमालयन घोरल बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, विभाग को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ शिकारी गुराड़ गांव में हिमालयन घोरल का शिकार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वनरक्षक विनोद और नवीन को मौके पर रवाना किया गया। दोनों वनरक्षकों ने घटनास्थल पर पहुँच कर दो व्यक्तियों को मृत घोरल और हथियार सहित पकड़ लिया।

वन विभाग की टीम ने शिकार में प्रयुक्त बंदूक को जब्त करते हुए मृत हिमालयन घोरल के सैंपल एकत्रित कर फोरेंसिक जांच हेतु भेज दिए हैं। आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद चंबा मेडिकल कॉलेज ले जाकर उनका चिकित्सकीय परीक्षण भी करवाया गया। तत्पश्चात विभागीय कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं।
वन मंडल अधिकारी (DFO) कृतज्ञ कुमार ने बताया कि हिमालयन घोरल भारतीय वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 के शेड्यूल-1 में शामिल एक संरक्षित प्राणी है। ऐसे जीवों का शिकार दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत विभागीय व कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
