उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने किया केवीके सरू का दौरा, किसानों से सीधा जुड़ाव बनाने पर दिया बल

चंबा, 6 जुलाई मुकेश कुमार( गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) सरू का दौरा किया और केंद्र की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों एवं आगामी योजनाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने वैज्ञानिकों से आह्वान किया कि वे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में किसानों व बागवानों से सीधा संवाद स्थापित करें और उन्हें आधुनिक कृषि पद्धतियों के साथ आत्मनिर्भर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि चंबा जिला में प्राकृतिक खेती का चलन अधिक है और यहां के किसानों द्वारा उत्पादित जैविक फसलों को बाजार तक पहुंचाकर उन्हें उचित मूल्य दिलाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए। केवल सिंह पठानिया ने कृषि विज्ञान केंद्र से अपेक्षा जताई कि यह संस्था किसानों और बागवानों के आर्थिक सशक्तिकरण में उत्प्रेरक की भूमिका निभाए।उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि चंबा में बागवानी, विशेषकर सेब उत्पादन की असीम संभावनाएं हैं, जिन्हें विकसित कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जा सकती है। उन्होंने वैज्ञानिकों को निर्देश दिए कि वे किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले कृषि एवं बागवानी उत्पादों की पैदावार के लिए प्रेरित करें और उन्हें समय-समय पर तकनीकी प्रशिक्षण व परामर्श उपलब्ध कराएं।

इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र सरू के प्रभारी एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ धर्मेंद्र कुमार ने उप मुख्य सचेतक को केंद्र की गतिविधियों, किसानों को दी जा रही सेवाओं और जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केवीके द्वारा किसानों के खेतों और बगीचों में जाकर रोगों व समस्याओं की जांच की जाती है और उनका समाधान सुझाया जाता है।कार्यक्रम में चंबा के विधायक नीरज नैयर, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ केहर सिंह, डॉ सुशील धीमान, डॉ जया चौधरी, नेहा धीमान सहित स्थानीय किसान, बागवान एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
