डलहौजी वन मंडल ने आरंभ किया “सालिक्स फॉर सॉयल” अभियान, भूमि कटाव रोकने को 27 हजार से अधिक सालिक्स पोल का रोपण

डलहौजी वन मंडल ने आरंभ किया “सालिक्स फॉर सॉयल” अभियान, भूमि कटाव रोकने को 27 हजार से अधिक सालिक्स पोल का रोपण

चंबा, 6 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

वन मंडल डलहौजी द्वारा वर्षा ऋतु में मृदा संरक्षण और भूमि कटाव की रोकथाम के उद्देश्य से “सालिक्स फॉर सॉयल” अभियान चलाया जा रहा है। डलहौजी के डीएफओ रजनीश महाजन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के तहत वर्ष 2023 से अब तक लगभग 27,000 सालिक्स पोल (स्थानीय नाम बदाह/ब्यूइन्स) का रोपण किया जा चुका है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है, जिसमें स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।डीएफओ के अनुसार, वर्ष 2025 में यह अभियान 24 जून से 15 अगस्त तक चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत अब तक 72 स्थायी नालों में 13,545 सालिक्स पोल रोपे जा चुके हैं। इससे पूर्व वर्ष 2023 में 12,500 एवं 2024 में 1,000 पोल लगाए गए थे। यह रोपण कार्य विशेष रूप से नमी युक्त क्षेत्रों में किया गया, जिससे वर्षा के दौरान मृदा क्षरण को रोका जा सके।

सालिक्स पौधा नमी अवशोषित करने और मिट्टी को मजबूती से पकड़ने की क्षमता रखता है। इसे 4 फीट लंबी टहनी के रूप में तीन दिन तक बहते पानी में रखने के बाद जमीन में रोपा जाता है। टहनी को 6 से 8 इंच गहराई में रोप कर उसके चारों ओर की मिट्टी को दबा दिया जाता है, जिससे वह आसानी से जड़ पकड़ सके।इस अभियान की विशेष बात यह है कि इसके लिए कोई आर्थिक व्यय नहीं किया गया है। सारे कार्य स्थानीय समुदाय की सहभागिता से पूरे किए गए, जिससे यह एक मॉडल अभियान बन गया है। अभियान मृदा संरक्षण के साथ-साथ जलवायु अनुकूलन व पारिस्थितिकी संतुलन को भी मजबूती देता है।“सालिक्स फॉर सॉयल” अभियान यह दर्शाता है कि सीमित संसाधनों के बावजूद जन-सहयोग और समर्पण के बल पर पर्यावरणीय संकटों का प्रभावी समाधान संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!