पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ, सभी विद्यार्थियों की होगी स्वास्थ्य जांच

डलहौजी/चंबा, 7 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में विद्यार्थियों के समग्र स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आज से दो दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ हुआ। इस शिविर का संचालन कुशल चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुंवर विश्वदीपक के नेतृत्व में किया जा रहा है। उनके साथ स्वास्थ्य विभाग की सुष्री दीपाली और श्रीमती मोनिका ने भी सेवाएं प्रदान कीं।शिविर के पहले दिन विद्यालय के प्राथमिक खंड के छात्रों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के अंतर्गत छात्रों के सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ आंखों की जांच, वजन, लंबाई आदि मापदंडों की भी विस्तृत जांच की गई।

इस दौरान बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण और जीवनशैली संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।डॉ. कुंवर विश्वदीपक ने बताया कि बच्चों के लिए प्रारंभिक अवस्था में ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है” और यह छात्रों के मानसिक विकास व शैक्षणिक प्रदर्शन में भी सकारात्मक भूमिका निभाता है।
विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार ने जानकारी दी कि केंद्रीय विद्यालय संगठन के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक शैक्षणिक सत्र में कम से कम दो बार छात्रों की नियमित स्वास्थ्य जांच करवाई जाती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविरों से न केवल बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी होती है, बल्कि उन्हें स्वस्थ जीवन की दिशा में प्रेरणा भी मिलती है।प्राचार्य ने यह भी कहा कि योग व नियमित व्यायाम को जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए, ताकि शारीरिक और मानसिक विकास संतुलित रूप से हो सके।इस स्वास्थ्य शिविर को लेकर छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में विशेष उत्साह और जागरूकता का माहौल देखा गया।