बनीखेत में बिजली और पानी की समस्याओं को लेकर हुई बैठक, 7 अगस्त तक टला धरना प्रदर्शन

बनीखेत में बिजली और पानी की समस्याओं को लेकर हुई बैठक, 7 अगस्त तक टला धरना प्रदर्शन

डलहौजी/चम्बा, 7 जुलाई मुकेश कुमार ( गोल्डी)

बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर बनीखेत, कंडा, पुखरी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त आक्रोश के बीच आज जल शक्ति विभाग एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्थानीय ग्रामीणों, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों और युथ क्लब बनीखेत के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में दोनों विभागों के सहायक अभियंता व कनिष्ठ अभियंताओं ने भाग लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की।बैठक में सामने आया कि क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली और पानी की अनियमित आपूर्ति से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश को एक लिखित शिकायत भी भेजी थी। साथ ही, पहले निर्धारित 15 जुलाई को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को फिलहाल के लिए स्थगित करते हुए अब 7 अगस्त तक के लिए टाल दिया गया है।बैठक में जल शक्ति और विद्युत विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वे क्षेत्र की समस्याओं को लेकर गंभीर हैं और उनकी प्राथमिकता है कि लोगों को बिजली और पानी जैसी आवश्यक सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध करवाई जाएं। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय स्तर पर समीक्षा और पुनर्विचार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

व्यापार मंडल बनीखेत के प्रधान तथा युथ क्लब बनीखेत के अध्यक्ष ने बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि दोनों विभागों ने इस बात को स्वीकार किया है कि मौजूदा समस्याओं का एक बड़ा कारण कर्मचारियों की कमी भी है। कई पद लंबे समय से खाली हैं, जिससे कार्य प्रभावित हो रहा है। इस विषय में विभागीय स्तर पर सरकार को सूचित कर दिया गया है और शीघ्र ही रिक्त पदों को भरने की उम्मीद जताई गई है।बैठक में निर्णय लिया गया कि दोनों विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे और जनता को राहत देने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। स्थानीय लोगों ने भी सकारात्मक रुख अपनाते हुए अधिकारियों को कुछ समय देने का निर्णय लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!