कूंर स्कूल भवन निर्माण व संपर्क मार्ग को लेकर उप मुख्य सचेतक ने की अधिकारियों के साथ बैठक,निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के दिए निर्देश

चंबा, 10 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने भरमौर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कूंर के भवन निर्माण को लेकर शिमला स्थित अपने कार्यालय कक्ष में शिक्षा एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।इस बैठक के दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन निर्माण कार्यों को शीघ्र आरंभ किया जाए तथा इसके लिए भवन के डिज़ाइन सहित सभी आवश्यक औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। उन्होंने बताया कि विद्यालय भवन निर्माण के लिए करीब 2 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।केवल सिंह पठानिया ने कहा कि यह भवन क्षेत्र के विद्यार्थियों की शैक्षणिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए अत्यंत आवश्यक है और सरकार इसे शीघ्र पूर्ण करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने लोक निर्माण विभाग को कूंर संपर्क मार्ग के उन्नयन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।गौरतलब है कि उप मुख्य सचेतक ने हाल ही में कूंर-छतराड़ी क्षेत्र का दौरा किया था, जहां स्थानीय लोगों ने विद्यालय भवन और संपर्क मार्ग की समस्याओं को उनके समक्ष उठाया था।बैठक में अतिरिक्त निदेशक शिक्षा जीवन कुमार, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता अनुज नाग समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। उप मुख्य सचेतक ने अधिकारियों को क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।