गुरु नानक पब्लिक स्कूल डलहौजी की छात्रा दीपिका ने क्लैट परीक्षा उत्तीर्ण कर नेशनल लॉ यनिवर्सिटी पटियाला में पाया दाखिला

डलहौजी/चम्बा 11 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
गुरु नानक पब्लिक स्कूल (GNPS) डलहौजी के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है, जब वर्ष 2025 बैच की मेधावी छात्रा दीपिका ने कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के प्रमुख विधि संस्थानों में से एक नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, पटियाला (NLU Patiala) में प्रवेश पाया है।CLAT परीक्षा, जो देशभर में विधि क्षेत्र में करियर बनाने वाले विद्यार्थियों के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण और प्रतिष्ठित परीक्षा मानी जाती है, उसमें सफलता प्राप्त करना किसी भी विद्यार्थी के लिए एक बड़ी उपलब्धि होती है। दीपिका ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट मार्गदर्शन के माध्यम से यह लक्ष्य प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।विद्यालय प्रशासन ने दीपिका की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य नवदीप भंडारी ने दीपिका को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “दीपिका ने यह सिद्ध कर दिया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी सपना दूर नहीं।”दीपिका की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, अभिभावक और समस्त नगरवासी उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। यह सफलता GNPS डलहौजी की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थी विकास के प्रति समर्पण को भी दर्शाती है।दीपिका का यह नया सफर उनके उज्जवल भविष्य की ओर एक सशक्त कदम है। विद्यालय एवं परिवार वासीयों को पूर्ण विश्वास है कि दीपिका भविष्य में भी समाज और देश के लिए गौरव का कारण बनेंगी।