अभिभावकों को स्वच्छता और निपुण भारत के बारे में किया गया जागरूक, विद्यालय में आयोजित हुई शिक्षक-अभिभावक बैठक

डलहौजी/ चम्बा 11 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में आज कक्षा-प्रथम के विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उनकी पढ़ाई में सुधार लाने हेतु एक विशेष शिक्षक-अभिभावक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विद्यालय के मुख्याध्यापक उमेश कुमार ने अभिभावकों को विद्यालय अनुशासन, शिक्षा के अधिकार अधिनियम और निपुण भारत मिशन के बारे में विस्तृत जानकारी दी।मुख्याध्यापक ने अभिभावकों को बताया कि बच्चों में स्वच्छता संबंधी आदतें विकसित करना क्यों आवश्यक है और इन आदतों को कैसे प्रभावी ढंग से बच्चों में रोपा जा सकता है।

उन्होंने यह भी बताया कि स्वच्छ वातावरण बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए अत्यंत जरूरी है।बैठक के दौरान शिक्षिका आशु हुड्डा तथा दृष्टि तावड़ ने बच्चों के शैक्षिक स्तर, मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान से संबंधित जानकारी सांझा की। अभिभावकों को यह बताया गया कि बच्चों को किस प्रकार निपुण बनाया जा सकता है तथा इसके लिए किन-किन उपायों को अपनाया जा सकता है।बैठक में उपस्थित अभिभावकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और बच्चों के समग्र विकास को लेकर अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए। सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि वे विद्यालय के प्रयासों में सहयोग करते हुए घर पर भी बच्चों को पढ़ाई और स्वच्छता के प्रति प्रेरित करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में ‘पीएम श्री योजना’ के अंतर्गत प्राथमिक कक्षाओं के सभी बच्चों को विभिन्न विषयों की कार्यपुस्तिकाएँ वितरित की गईं ताकि उन्हें अभ्यास में सुविधा हो और उनका शैक्षणिक स्तर सुदृढ़ हो सके।यह बैठक विद्यालय और अभिभावकों के बीच सहयोग की एक सकारात्मक पहल रही, जो निश्चित ही बच्चों के समग्र विकास के मार्ग को और अधिक सशक्त करेगी।