नशा विरोधी अभियान के तहत तुन्नूहटी चेक पोस्ट पर बड़ी सफलता, 94 ग्राम चरस के साथ एक युवक गिरफ्तार

नशा विरोधी अभियान के तहत तुन्नूहटी चेक पोस्ट पर बड़ी सफलता, 94 ग्राम चरस के साथ एक युवक गिरफ्तार

डलहौजी/चम्बा, 15 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)


जिला चंबा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को आज एक और बड़ी सफलता मिली है। सोमवार सुबह तुन्नूहटी चेक पोस्ट पर नियमित रूप से की जा रही नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक युवक को 94 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई चेक पोस्ट प्रभारी विवेक की अगुवाई में की गई, जहां वाहनों की तलाशी का सिलसिला रोज़ की तरह जारी था।

इसी दौरान चंबा से पठानकोट जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस (HP-73-8882) को निरीक्षण के लिए रोका गया। बस के भीतर बैठे यात्रियों की जांच के दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी, जो हड़बड़ाया हुआ लग रहा था। युवक ने अपना बैग सीट पर छोड़कर जल्दी-जल्दी बाहर निकलने का प्रयास किया, जिससे पुलिस को शक हुआ। उसकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली, जिसमें से कुल 94 ग्राम चरस बरामद की गई।

तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने युवक को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। युवक के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम की धाराओं के तहत पुलिस थाना चुवाड़ी में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

इस पूरी कार्रवाई की पुष्टि डीएसपी भटियात योगराज चंदेल ने की है। उन्होंने कहा कि चंबा पुलिस नशे के खिलाफ सख्त एक्शन मोड में है और नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि नशे का धंधा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस की यह मुहिम भविष्य में और अधिक सख्ती से जारी रहेगी।

पुलिस की इस तत्परता और निगरानी से एक बार फिर यह स्पष्ट हुआ है कि चंबा जिला में नशे के खिलाफ प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!