‘स्वच्छ मणिमहेश अभियान’ का उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने किया शुभारंभ
30 जुलाई तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान, 15 टन कचरा हटाने का लक्ष्य

चम्बा/भरमौर, 15 जुलाई मुकेश कुमार ( गोल्डी)
श्री मणिमहेश यात्रा मार्ग को स्वच्छ और पर्यावरणीय दृष्टि से सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से ‘स्वच्छ मणिमहेश अभियान’ का शुभारंभ आज उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने हडसर से किया। यह अभियान 30 जुलाई तक चलेगा और इसके अंतर्गत यात्रा मार्ग से 15 टन कूड़ा-कचरा हटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि अभियान के अंतर्गत हडसर से लेकर पवित्र मणिमहेश झील तक फैले पुराने कचरे (लिगेसी वेस्ट) को हटाया जाएगा। इस कार्य में स्थानीय पंचायतें, स्वयंसेवी संगठन, पर्यावरण प्रेमी और श्रद्धालु यात्रियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि एकत्रित कचरे को हडसर तक लाकर उसके उचित निस्तारण की भी व्यवस्था की गई है।

श्री रेपसवाल ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की भावना से भी यात्रा करें और प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि मणिमहेश यात्रा मार्ग न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि यह पारिस्थितिकी रूप से भी अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, एसडीएम अभिषेक मित्तल, बीडीओ रामनवीर सिंह, हीलिंग हिमालया, धौलाधार क्लीनर्स, विश्व मानव रूहानी केंद्र, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, एनएसएस छात्र और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त को मणिमहेश कैलाश का छायाचित्र स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया गया।

इसके उपरांत उपायुक्त ने हडसर से दुनाली तक यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।