राज्य आपदा प्रबंधन फंड (SDMF) की प्रगति को लेकर चंबा में समीक्षा बैठक आयोजित

राज्य आपदा प्रबंधन फंड (SDMF) की प्रगति को लेकर चंबा में समीक्षा बैठक आयोजित

चंबा, 17 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला मुख्यालय चंबा में राज्य आपदा प्रबंधन फंड (एसडीएमएफ) के तहत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की।बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एसडीएमएफ से संबंधित सभी विभागीय कार्यों एवं परियोजनाओं को मार्च 2026 तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया शीघ्र आरंभ करने के निर्देश भी दिए, विशेषकर उन कार्यों के लिए जिनके अभी तक टेंडर स्वीकृत नहीं हुए हैं।उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आपदा जोखिम को कम करने और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने हेतु इस फंड के अंतर्गत जो कार्य स्वीकृत किए गए हैं, उन्हें समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने कार्यों में आ रही बाधाओं और उनके समाधान को लेकर भी अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।बैठक में जल शक्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, शिक्षा विभाग और डाईट के अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर उपनिदेशक उच्च शिक्षा (क्वालिटी) कमलेश कुमारी, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता राजेश गुप्ता, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता दिनेश कुमार, एसडीओ डाईट दीपक शर्मा, तथा एनएच के कनिष्ठ अभियंता शीतल शर्मा उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त, जिला के विभिन्न भागों से विभागीय अधिकारी वर्चुअली भी बैठक में शामिल हुए।उपायुक्त ने सभी विभागों से अपेक्षा जताई कि वे पारदर्शिता और समन्वय के साथ कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!