अशोक रतन को कांगड़ा जिला के पुलिस अधीक्षक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया

कांगड़ा 17 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते हुए आईपीएस अधिकारी अशोक रतन को कांगड़ा जिला (धर्मशाला) के पुलिस अधीक्षक (एसपी) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। बता दें कि अशोक रतन वर्तमान में नूरपुर पुलिस जिला के एसपी पद पर कार्यरत हैं।मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, अशोक रतन (आईपीएस, हिमाचल प्रदेश कैडर 2017) को यह अतिरिक्त जिम्मेदारी उस समय से सौंपी गई है जिस दिन वर्तमान एसपी कांगड़ा, शालिनी अग्निहोत्री (आईपीएस, बैच 2012) कार्यभार छोड़ेंगी। सरकार द्वारा लिया गया यह कदम प्रशासनिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे कांगड़ा जिले में कानून व्यवस्था की निरंतरता बनी रहेगी। अतिरिक्त कार्यभार देने से यह भी स्पष्ट होता है कि सरकार राज्य में सुचारू पुलिस प्रशासन सुनिश्चित करने हेतु योग्य और अनुभवी अधिकारियों पर भरोसा जता रही है। अशोक रतन को कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जाना जाता है। अब वे नूरपुर के साथ-साथ धर्मशाला में भी पुलिस व्यवस्था का नेतृत्व करेंगे।यह नियुक्ति आदेश हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल की स्वीकृति के उपरांत जारी किया गया है।