डलहौजी के विधायक डी.एस. ठाकुर ने उठाई मेडिकल कॉलेज भवन लोकार्पण की मांग

चम्बा24 जुलाईमुकेश कुमार( गोल्डी)
डलहौजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक डी.एस. ठाकुर ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आकांक्षी जिला चम्बा में बन रहे मेडिकल कॉलेज भवन के लोकार्पण में हो रही देरी पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि चम्बा जिले को अभी तक पूर्ण रूप से मेडिकल कॉलेज भवन की सुविधा नहीं मिल पाई है, जिस कारण वर्तमान में सिविल अस्पताल चम्बा में चल रहा मेडिकल कॉलेज एक सामान्य रैफरल अस्पताल बन कर रह गया है।विधायक ठाकुर ने बताया कि चम्बा जैसे दुर्गम और पिछड़े क्षेत्र की गरीब जनता अब भी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए कांगड़ा, टांडा या शिमला जैसे बड़े अस्पतालों का रुख करने को मजबूर है, जहां इलाज पर उन्हें भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है। उन्होंने इसे न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की विफलता बताया बल्कि आकांक्षी जिला घोषित होने के बावजूद बुनियादी स्वास्थ्य ढांचे की उपेक्षा पर भी सवाल उठाया।सरोल में बन रहे इस मेडिकल कॉलेज का निर्माण केंद्र सरकार की मदद से किया जा रहा है, जिसकी कुल लागत लगभग 550 करोड़ रुपये है और यह 20 एकड़ भूमि पर स्थापित किया जा रहा है। ठाकुर ने बताया कि इस परियोजना का पहला चरण लगभग पूर्ण हो चुका है, लेकिन प्रदेश सरकार की लापरवाही और राजनीतिक इच्छा-शक्ति की कमी के चलते अभी तक इसका लोकार्पण नहीं हो पाया है।उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से आग्रह किया कि वे आगामी अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के शुभ अवसर पर मेडिकल कॉलेज सरोल के भवन का लोकार्पण कर जिले की जनता को इसका लाभ दिलाएं। ठाकुर ने कहा कि भवन के लोकार्पण के बाद यहां स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा और आपातकालीन स्थिति में स्थानीय लोगों को जिला के बाहर न जाना पड़ेगा।उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस विषय को गंभीरता से लेकर शीघ्र निर्णय लेगी ताकि चम्बा के लोगों को भी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ हो सकें।