बगढार में आधुनिक नवदुर्गा एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा निशुल्क छात्रवृत्ति योजना शुरू, विधानसभा अध्यक्ष ने की पहल

बगढार में आधुनिक नवदुर्गा एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा निशुल्क छात्रवृत्ति योजना शुरू, विधानसभा अध्यक्ष ने की पहल

चंबा, 24 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बगढार में बुधवार को एक विशेष समारोह के दौरान आधुनिक नवदुर्गा एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा निशुल्क छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ किया गया। इस योजना की शुरुआत हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की। इस अवसर पर क्षेत्र के बगढार, बाथरी, डलहौजी व बनीखेत स्कूलों की 10+1 और 10+2 की 13 मेधावी छात्राओं को प्रति माह ₹1000 की दर से छात्रवृत्ति की पहली किश्त वितरित की गई।

समारोह को संबोधित करते हुए श्री पठानिया ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन और कठोर परिश्रम को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि असफलता के क्षणों में भी लक्ष्य से विचलित हुए बिना निरंतर प्रयास करने से ही सफलता संभव है।विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी बताया कि वर्तमान सरकार के प्रयासों से हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में देश में पांचवें स्थान पर पहुंचा है, जबकि पूर्व सरकार के समय यह 21वें स्थान पर था।

उन्होंने बताया कि भटियात क्षेत्र में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल खोलने की योजना के तहत बगढार में भी ऐसा स्कूल स्थापित किया जाएगा। साथ ही, क्षेत्र में एक स्किल यूनिवर्सिटी भी खोली जाएगी जिससे युवाओं को तकनीकी और व्यवसायिक शिक्षा मिल सके।कार्यक्रम में ट्रस्ट के संस्थापक प्रशांत कौल ने छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए बताया कि इसका लक्ष्य सरकारी स्कूलों की गरीब मेधावी छात्राओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना है, ताकि उनकी पढ़ाई में आर्थिक तंगी बाधा न बने।

भविष्य में कोचिंग व कंप्यूटर शिक्षा की सुविधा भी दी जाएगी।इस मौके पर श्री पठानिया ने विद्यालय को सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए ₹31,000 देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में वन निगम निदेशक कृष्ण चंद चेला, एसडीएम अनिल भारद्वाज, उपनिदेशक उच्च शिक्षा भाग सिंह, अधीक्षण अभियंता दिवाकर पठानिया, डीएफओ रजनीश महाजन समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!