एचपीटीडीसी के 6 होटल अब निगम ही करेगा संचालित, आर.एस. बाली के प्रयास लाए रंग :- मनीष सरीन

डलहौजी/चम्बा 25 जुलाई मुकेश कुमार ( गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश सरकार ने हाल ही में पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) के 14 होटलों को संचालन और रखरखाव (ओएनएम) आधार पर निजी क्षेत्र को सौंपने का निर्णय लिया था। इस फैसले को लेकर एचपीटीडीसी के अध्यक्ष आर.एस. बाली ने सरकार से इस पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया था। अब सरकार ने इस पर पुनर्विचार करते हुए इनमें से 6 होटलों को एचपीटीडीसी के ही संचालन में रखने का निर्णय लिया है।
इन 6 होटलों में एप्पल ब्लॉसम फागू, लेक व्यू बिलासपुर, बिलास होटल चांशल रोहडू, होटल रोस कॉमन कसौली, होटल सरवरी कुल्लू और होटल ममलेश्वर चिंडी शामिल हैं। इस निर्णय से निगम के कर्मचारियों और हितधारकों को राहत मिली है।
2022 के विधानसभा चुनाव में डलहौजी से कांग्रेस प्रत्याशी रहे मनीष सरीन ने इस फैसले को आर.एस. बाली के अथक प्रयासों की सफलता बताया है। उन्होंने कहा कि एचपीटीडीसी के अध्यक्ष ने इस मामले में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से लगातार संवाद कर निगम के हितों की पैरवी की। मुख्यमंत्री ने भी सकारात्मक रुख दिखाते हुए न सिर्फ छह होटलों को निगम के अधीन रखा, बल्कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा का भी आश्वासन दिया।
मनीष सरीन ने विश्वास जताया कि आर.एस. बाली की नवाचारी सोच और कुशल नेतृत्व में एचपीटीडीसी अगले एक वर्ष में आर्थिक रूप से मजबूत बनकर उभरेगा। यह निर्णय राज्य में पर्यटन और रोजगार दोनों के लिए शुभ संकेत है।