कारगिल विजय दिवस पर जिला स्तरीय समारोह, पूर्व सैनिकों ने सांझा किए अनुभव

शिमला, 26 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
कारगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर शुक्रवार को बचत भवन शिमला में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। उपायुक्त अनुपम कश्यप सहित अन्य अधिकारियों ने कारगिल युद्ध में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उपायुक्त ने कहा कि स्कूल एडॉप्शन प्रोग्राम के तहत जिन विद्यालयों को अधिकारियों ने गोद लिया है, उनमें कारगिल युद्ध में भाग ले चुके पूर्व सैनिक अपने अनुभव साझा करेंगे। इससे छात्रों में देशभक्ति की भावना जागृत होगी।उपायुक्त ने कहा कि हिमाचल के लगभग 20% जवान कारगिल युद्ध में शहीद हुए थे।

उन्होंने युद्ध की कठिन परिस्थितियों में भी पीछे न हटने वाले जवानों के साहस की सराहना की और कहा कि सैनिकों का मनोबल हम सभी के लिए प्रेरणादायक है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी ने कहा कि “राष्ट्र प्रथम” की भावना सैनिकों की देन है और हमें अपनी ड्यूटी उसी भावना से निभानी चाहिए। अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा ने अभिभावकों से बच्चों में देशभक्ति की भावना विकसित करने में सहयोग की अपील की।

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ज्योति राणा ने सैनिक परिवारों के सम्मान की बात कही। समारोह में 7 पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया जिनमें दिवाकर दत्त शर्मा, राम लाल शर्मा, वेद प्रकाश शर्मा, राम लाल, प्रवीण और जय सिंह शामिल रहे।पूर्व सैनिकों ने युद्ध के अनुभवों को साझा किया। दिवाकर शर्मा ने बताया कि वह छुट्टी से लौटकर सीधे युद्धक्षेत्र पहुंचे और दुश्मन पर पीछे से हमला कर विजय प्राप्त की। राम लाल शर्मा ने कहा कि साथियों की शहादत ने यूनिट को और अधिक दृढ़ बना दिया।

नायक प्रवीण ने युद्ध की कठिनाइयों का जिक्र करते हुए बताया कि किस तरह सीमित साधनों में पाक सेना का डटकर मुकाबला किया गया।कार्यक्रम में स्काई हाई ड्रीम संस्था की अध्यक्ष शालिनी शर्मा ने विचार रखे, जबकि लोक संपर्क अधिकारी अजय बन्याल ने शहीद बेटे पर कविता सुनाई। कार्यक्रम में विभिन्न अधिकारी और पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
