चंबा में कारगिल विजय दिवस पर वीर जवानों को दी श्रद्धांजलि, पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान

चंबा, 26 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
कारगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर जिला मुख्यालय चंबा स्थित बचत भवन में एक भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सैनिक कल्याण विभाग चंबा के सौजन्य से आयोजित इस समारोह में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल युद्ध में शहीद हुए चंबा जिले के तीन वीर सैनिकों की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।इस अवसर पर उपायुक्त ने कारगिल युद्ध में योगदान देने वाले सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों को सम्मानित किया और राष्ट्र की रक्षा में उनकी सेवाओं को सराहा। उन्होंने सभी उपस्थितजनों को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत प्रस्तुत किए, जिनमें देशप्रेम और बलिदान की भावना स्पष्ट झलकी।

सैनिक कल्याण विभाग की उपनिदेशक कैप्टन (से नि) अनुमेहा पराशर ने सभी को कारगिल विजय दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन उन वीर सैनिकों को समर्पित है जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। चंबा जिले के तीन शहीदों को विशेष रूप से श्रद्धांजलि दी गई और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, एडीसी अपराजिता चंदेल, सैनिक कल्याण विभाग की उपनिदेशक अनुमेहा पराशर और चंबा भूतपूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल (से नि) रवि वैध सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। समारोह में देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत वातावरण रहा।