वन महोत्सव में कुलदीप पठानिया ने किया पौधारोपण, कहा जलवायु परिवर्तन से निपटने में वन संवर्धन है महत्वपूर्ण उपाय

वन महोत्सव में कुलदीप पठानिया ने किया पौधारोपण, कहा जलवायु परिवर्तन से निपटने में वन संवर्धन है महत्वपूर्ण उपाय

चंबा वन वृत्त के तहत 526 हेक्टेयर में रोपे जाएंगे 4.50 लाख पौधे

भटीयात/चुवाड़ी 26 जुलाई बबलू पठानिया

76वें वृत्त स्तरीय वन महोत्सव के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सरोग गांव (गरनोटा) में बेलपत्र का पौधा रोप कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जलवायु परिवर्तन को वैश्विक चुनौती बताते हुए कहा कि मौसम में बदलाव, अत्यधिक वर्षा और बादल फटने जैसी घटनाओं के समाधान के लिए वन संपदा का संवर्धन अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण को लेकर गंभीर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में शुरू की गई राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत युवक मंडलों, महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों को जोड़कर इस मुहिम को जन आंदोलन का रूप दिया जा रहा है।

कुलदीप पठानिया ने बताया कि चंबा वन वृत्त में इस वर्ष 526 हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के 4.50 लाख पौधे रोपित किए जाएंगे। वहीं, राजीव गांधी योजना के अंतर्गत 259 हेक्टेयर भूमि में 2.60 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।डलहौजी वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन ने जानकारी दी कि उनके क्षेत्र में 132 हेक्टेयर में 73 हजार पौधे लगाए जाएंगे।

कार्यक्रम में स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों और वन समितियों के सदस्यों ने हरड़, बेहड़ा, आंवला, अर्जुन, जामुन, बेल व देसी आम सहित कई प्रजातियों के पौधे रोपे।इस अवसर पर मुख्य वन अरण्यपाल अभिलाष दामोदरन ने कुलदीप पठानिया को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।महोत्सव में सदस्य निदेशक मंडल राज्य वन निगम कृष्ण चंद, एसडीएम पारस अग्रवाल, डीएसपी योगराज, बीडीओ अनिल गुराड़ा, पंचायत प्रधान कुसुम लता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!