महामहिम राज्यपाल का डलहौजी में भव्य स्वागत,कल मिंजर मेले का करेंगे शुभारंभ

डलहौजी/चम्बा 26 जुलाई मुकेश कुमार गोल्डी
हिमाचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के डलहौजी आगमन पर आज परिधि गृह में उनका भव्य स्वागत किया गया। डलहौजी विधायक डी.एस. ठाकुर, एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता दिवाकर पठानिया, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता राजीव ठाकुर, डीएसपी हेमंत ठाकुर, तहसीलदार रमेश कुमार तथा वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी सीमा अतरी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राज्यपाल का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने अधिकारियों से क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं और विकासात्मक कार्यों की प्रगति पर जानकारी ली और प्रशासन के कार्यों की सराहना की।27 जुलाई का दिन रहेगा खासराज्यपाल श्री शुक्ल 27 जुलाई को प्रातः 10 बजे चंबा नगर के ऐतिहासिक मंदिर श्री लक्ष्मी नारायण जी को मिंजर अर्पित कर अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले का शुभारंभ करेंगे। इसके पश्चात वे प्रातः 11 बजे चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2025 का विधिवत उद्घाटन करेंगे।

इसके बाद दोपहर 3.30 बजे बचत भवन, चंबा में आयोजित आकांक्षी ज़िला कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में भाग लेंगे तथा इसकी अध्यक्षता करेंगे। यह बैठक चंबा जिले के सामाजिक-आर्थिक विकास को लेकर योजनाओं की समीक्षा और नई दिशा तय करने में सहायक होगी।शाम को राज्यपाल सांय 8.30 बजे रिस्पांसिबल टूरिज्म मीट में भाग लेंगे तथा मिंजर मेला-2025 के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ करेंगे।

राज्यपाल का यह दौरा चंबा जिले के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जो न केवल विकास की दृष्टि से नई संभावनाएं उत्पन्न करेगा, बल्कि मिंजर मेले के माध्यम से चंबा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी देश-दुनिया के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगा।